देहरादून, 16 जुलाई। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड जल विद्युत निगम (यूजेवीएनएल) और कार्यदायी संस्था एलएंडटी को वर्ष 2031 तक परियोजना का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य देते हुए मशीनरी और मैनपावर बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने परियोजना के विभिन्न निर्माण स्थलों का दौरा कर कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना राष्ट्रीय महत्व की योजना है, जिससे उत्तराखंड सहित कई राज्यों को लाभ मिलेगा। इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने यूजेवीएनएल को अगले दो से तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना (प्लान) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि वर्ष 2031 तक परियोजना को पूरा करने का रोडमैप तैयार किया जा सके। उल्लेखनीय है कि इससे पहले परियोजना को दिसंबर 2034 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की निगरानी के लिए विस्तृत चार्ट तैयार किया जाए और उसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परियोजना से जुड़े सभी अनिवार्य तकनीकी परीक्षण समय पर पूरे किए जाएं।

उन्होंने एलएंडटी और यूजेवीएनएल के अधिकारियों को मौके पर रहकर दैनिक, पाक्षिक और मासिक समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा केंद्रीय जल आयोग की ओर से अपेक्षित सभी तकनीकी परीक्षण जल्द पूरा कराने को कहा।
मुख्य सचिव ने अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे का वितरण शीघ्र पूरा करने और प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाकर लंबित मामलों का निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक ए.के. सिंह, एलएंडटी के महाप्रबंधक प्रभु कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर विष्णु मोहन श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
