फाटा-बड़ासू मार्ग पर देर शाम हुआ हादसा, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान


रुद्रप्रयाग, 17 जुलाई। फाटा और बड़ासू के मध्य तरसाली के समीप गुरुवार देर शाम एक डंपर गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र के अनुसार, शाम 8:43 बजे डंपर (वाहन संख्या UK13CA0826) के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीम के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त डंपर में दो लोग सवार थे। संयुक्त अभियान के दौरान संजय राणा (लगभग 45 वर्ष) का शव बरामद कर सड़क तक पहुंचा दिया गया। वहीं दूसरे व्यक्ति मोहन के शव का स्थान चिन्हित कर लिया गया, जिसके बाद उसे भी खाई से बाहर निकाल लिया गया।
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार