विकासनगर। उत्तराखण्ड राज्य भण्डारण निगम के कर्मचारियों एवं कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने निगम कर्मचारियों के लिए 7वें वेतनमान को उत्तराखण्ड मंत्रिमंडल (कैबिनेट) से स्वीकृति मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए यूनियन के संरक्षक एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी का अभिनंदन किया।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि निगम कर्मचारियों की वर्षों पुरानी इस न्यायोचित मांग को पूरा कराने के लिए रघुनाथ सिंह नेगी ने लगातार गंभीर प्रयास किए। उन्होंने शासन, सचिवालय एवं निगम प्रशासन के समक्ष कर्मचारियों का पक्ष मजबूती से रखा और पूरे प्रकरण की निरंतर पैरवी करते हुए इसे अंतिम निर्णय तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके अथक प्रयासों, मार्गदर्शन और नेतृत्व का ही परिणाम है कि कर्मचारियों को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है।
यूनियन ने कहा कि 7वें वेतनमान की स्वीकृति से निगम के सभी कर्मचारियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। कर्मचारियों ने उत्तराखण्ड सरकार, मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल, सहकारिता विभाग, निगम प्रशासन एवं सभी संबंधित अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया, जिनके सकारात्मक सहयोग से वर्षों से लंबित यह मामला सफलतापूर्वक सुलझ सका।
इस अवसर पर यूनियन संरक्षक रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि निगम के सभी कर्मचारियों की एकजुटता, धैर्य और विश्वास की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों और उनके न्यायोचित अधिकारों की रक्षा के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे तथा हर स्तर पर अपना सहयोग देते रहेंगे।
इस अवसर पर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष संतोष सिंह नेगी, उपाध्यक्ष मनोज नेगी, संयुक्त मंत्री राजेन्द्र कुमार जोशी, प्रचार मंत्री योगेन्द्र नेगी, राम अवतार सहित अन्य कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
