देहरादून/बाजपुर। उत्तराखंड एसटीएफ और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने ऊधमसिंहनगर के बाजपुर स्थित कोविल बायोटैक पर छापेमारी कर नकली एलोपैथिक दवाइयों के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान बुलंदशहर निवासी धीरेन्द्र को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी बिना वैध औषधि निर्माण लाइसेंस के आयुर्वेदिक/फूड लाइसेंस की आड़ में STADMED, Macleods, Intas और Sun Pharma सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से नकली जीवन रक्षक दवाइयों का निर्माण और पैकेजिंग कर बाजार में सप्लाई कर रहा था।
एसटीएफ ने फैक्ट्री और एनएच-74 स्थित गोदाम से करीब एक लाख टैबलेट, 15 हजार सिरप की बोतलें, भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री, लेबल, पैकेजिंग मशीनें, 1,632 क्वार्टर और 1,016 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब, आबकारी होलोग्राम तथा अन्य सामग्री बरामद की है।
आरोपी के खिलाफ थाना बाजपुर में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसटीएफ का कहना है कि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और पूरे सिंडिकेट की जांच की जा रही है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार