हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में प्रतिभाग करते हुए किसानों को उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है और एप्पल मिशन के तहत किसानों को 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने आम की विभिन्न प्रजातियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों व बागवानी से जुड़े लोगों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के आम स्वाद और गुणवत्ता के लिए देशभर में अपनी अलग पहचान रखते हैं तथा आम महोत्सव स्थानीय किसानों और उत्पादों को नई पहचान देने का प्रभावी मंच है।

उन्होंने कहा कि सरकार कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट उत्पादन, महक क्रांति और औषधीय एवं सुगंधित पौधों पर आधारित उद्योगों को भी प्रोत्साहित कर रही है। वहीं, ‘हिमालय ब्रांड’ के माध्यम से उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय लेकर उत्तराखंड को देश में नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार विकास की नई पहचान बन रहा है और कृषि, बागवानी, पर्यटन, निवेश तथा अन्य क्षेत्रों में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आम महोत्सव जैसे आयोजन किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ कृषि और बागवानी क्षेत्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
