विकासनगर, 23 जुलाई 2026। मानसून के दौरान शहर को जलभराव और गंदगी से मुक्त रखने के लिए नगर पालिका परिषद विकासनगर के अधिशासी अधिकारी मनोज बिष्ट स्वयं मैदान में उतरे। गुरुवार को उन्होंने पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया तथा जहां कहीं जलभराव मिला, वहां तत्काल कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराया।

निरीक्षण के दौरान ईओ मनोज बिष्ट ने वार्ड नंबर-3 (बस स्टैंड), वार्ड नंबर-1 (रसूलपुर), वार्ड नंबर-11 (सैयद मार्ग), बस अड्डा सहित शहर के कई संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। जिन स्थानों पर पानी जमा मिला, वहां पालिका की क्यूआरटी टीम को मौके पर बुलाकर तुरंत जल निकासी कराई गई।

उन्होंने सफाई निरीक्षक और पर्यावरण पर्यवेक्षक को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान शहर की सभी नालियों की व्यापक स्तर पर सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की गई।

निरीक्षण के दौरान ईओ ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद कर सफाई व्यवस्था में सहयोग की अपील की। खुले में कूड़ा फेंकने वालों को सख्त चेतावनी दी गई और कुछ लोगों से मौके पर ही कूड़ा उठवाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
दुकानदारों को प्रतिबंधित पॉलीथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की सलाह दी गई। वहीं बस अड्डे क्षेत्र में टायर दुकानों का निरीक्षण कर संचालकों को निर्देश दिए गए कि टायरों में वर्षा का पानी जमा न होने दें, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसे रोगों का खतरा न बढ़े।

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी मनोज बिष्ट ने कहा कि मानसून को देखते हुए पालिका प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जलभराव की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए टीमें लगातार सक्रिय हैं। उन्होंने नागरिकों से नालियों में कूड़ा न डालने और स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की।
