विकासनगर। न्यू उपासना सिनेमा, विकासनगर में शुक्रवार को गढ़वाली फिल्म ‘मार्छा’ के प्रथम शो का शुभारंभ पछवादून गढ़वाल सभा के अध्यक्ष रोशन नेगी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सभा के पदाधिकारी, सदस्य, कलाकार और गढ़वाली भाषा एवं संस्कृति प्रेमी मौजूद रहे। फिल्म ‘मार्छा’ की विशेषता यह है कि इसकी शूटिंग जौनसार-बावर के चकराता क्षेत्र के प्राकृतिक एवं प्रमुख पर्यटन स्थलों पर की गई है। फिल्म में स्थानीय संस्कृति, लोकजीवन और पहाड़ की सुंदरता को प्रमुखता से दर्शाया गया है। उद्घाटन समारोह में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्रीय भाषा की फिल्मों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है, ताकि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहे। गढ़वाल सभा अध्यक्ष रोशन नेगी ने कहा की गढ़वाली फिल्म ‘मार्छा’ केवल एक मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी भाषा, संस्कृति और लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त प्रयास है। हम सभी का दायित्व है कि ऐसी फिल्मों का समर्थन करें, ताकि हमारी मातृभाषा और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल सके। मुझे विश्वास है कि यह फिल्म दर्शकों को अवश्य पसंद आएगी और क्षेत्रीय सिनेमा को नई दिशा देगी।” इस अवसर पर सभा सचिव लक्ष्मी प्रसाद कोठियाल सहित जीवन सिंह सजवान, मोहिनी नौटियाल, सरोज मलसी, पूरण प्रसाद भट्ट, दीपा नौटियाल, प्रदीप ठाकुर, सुरेशानंद बेलवाल, धीरेंद्र पटवाल, राजेश नौटियाल, सुभाष ममगाई, प्रतिमा नौटियाल, रितु ठाकुर, अंजू भट्ट, अनिता चमोली, रोमा बेलवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

