देहरादून, 1 अगस्त। दहेज हत्या के एक संवेदनशील मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत में पति, सास और ननद पर सृष्टि की हत्या का आरोप लगाया गया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली डोईवाला में मुकदमा संख्या 223/26 धारा 80(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना क्षेत्राधिकारी डोईवाला सुश्री वंदना वर्मा को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता की मां सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी दौरान मृतका द्वारा घटना से पूर्व अपनी मां को भेजा गया एक वीडियो भी पुलिस को मिला, जिसमें उसने शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी।
प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शनिवार को आरोपी सौरभ खत्री (36 वर्ष) और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) को लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में क्षेत्राधिकारी डोईवाला सुश्री वंदना वर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोहर सिंह रावत, महिला उपनिरीक्षक नीमा रावत, कांस्टेबल हरीश उप्रेती, कांस्टेबल लाखन सिंह एवं महिला कांस्टेबल रचना रावत शामिल रहे।
