विकासनगर, 3 अगस्त। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 11 लाख रुपये कीमत की 37 ग्राम अवैध स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” अभियान के तहत गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 2 अगस्त की रात करीब 8:05 बजे ग्राम कुंजा ग्रांट निवासी 21 वर्षीय मुस्कान पत्नी सोनू को उसके घर से गिरफ्तार किया। जांच में उसके पास से 37 ग्राम स्मैक और नशा तौलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि वह एक स्थानीय महिला से स्मैक खरीदकर अपने घर पर ग्राहकों को बुलाती थी और छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचती थी, जिससे उसे अच्छा मुनाफा होता था। पुलिस ने महिला द्वारा बताए गए सप्लायर के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत विवेचना शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी मुस्कान के खिलाफ इससे पहले भी वर्ष 2023 और 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता (चौकी प्रभारी कुल्हाल), कांस्टेबल रजनीश, महिला कांस्टेबल रुचिता डोभाल तथा पीआरडी जवान आनंद सिंह की टीम ने अंजाम दिया।
