विकासनगर। नशे की लत पूरी करने के लिए दोपहिया वाहन चोरी कर उनके पार्ट्स बेचने वाले एक शातिर वाहन चोर को विकासनगर पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए आरोपी के कब्जे से चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद कर ली।

पुलिस के अनुसार हरबर्टपुर के वार्ड नंबर-5 आसनबाग निवासी निखिल राघव ने ई-एफआईआर के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बाइक संख्या UK16D-7288 स्प्लेंडर प्लस को किसी अज्ञात व्यक्ति ने 16 अगस्त की दोपहर हरबर्टपुर स्थित सरस्वती डिजिटल सर्विसेज के पास से चोरी कर लिया था।

शिकायतकर्ता से संपर्क करने के बाद विकासनगर कोतवाली पुलिस ने एक सितंबर को अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 265/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।

घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी विकासनगर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विकासनगर ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया और पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों का सत्यापन किया गया।

पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद मंगलवार को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रामपुर मंडी छतरी से ढालीपुर कॉलोनी जाने वाले मार्ग से आरोपी को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान इसरान पुत्र ताहिर, निवासी ग्राम दबेड़ा कलां, थाना चिलकाना, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए दोपहिया वाहन चोरी करता है। चोरी किए गए वाहनों के अलग-अलग पार्ट्स निकालकर उन्हें बेच देता है और उससे मिलने वाले पैसों से नशे की पूर्ति करता है।

पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना यमुनानगर सदर, हरियाणा में भी वाहन चोरी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

बरामदगी:
चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस बाइक संख्या UK16D-7288

पुलिस टीम में शामिल रहे:
उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, चौकी प्रभारी कुल्हाल, हेड कांस्टेबल राजेंद्र बर्थवाल, कांस्टेबल नवीन कोहली, नरेश पंत, शिवा घिल्डियाल, नितिन तथा पीआरडी ऋतिक चौहान।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार