सेलाकुई में 24 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
विकासनगर। सेलाकुई के जमनपुर क्षेत्र में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मृतक और आरोपी एक ही बिल्डिंग में किराये पर रहते थे और पहले से एक-दूसरे के परिचित थे। आरोपी की बेटी के जन्मदिन की पार्टी में मृतक को नहीं बुलाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मृतक ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद गुस्से में आरोपी ने चाकू से उसके सीने पर वार कर दिया।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर की देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि जमनपुर में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे को चाकू मार दिया है। सूचना पर सेलाकुई पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजपाल (25) पुत्र तेजराम, निवासी पीलीभीत, हाल निवासी जमनपुर को 108 एंबुलेंस से सुभारती अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में सामने आया कि 21 सितंबर को आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का पहला जन्मदिन था। उसने घर पर पार्टी रखी थी, लेकिन राजपाल को आमंत्रित नहीं किया था। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच करीब 10-15 दिन पहले भी शराब के नशे में खाने-पीने को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते पार्टी में नहीं बुलाने की बात को लेकर दोनों में बहस और हाथापाई हो गई। इसी दौरान राजपाल ने जितेंद्र को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर सेलाकुई थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से 22 सितंबर को जितेंद्र कुमार को मेंटल हॉस्पिटल रोड, सहसपुर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बेटी के जन्मदिन की पार्टी में राजपाल को नहीं बुलाने को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट के दौरान थप्पड़ मारे जाने के बाद उसने गुस्से में चाकू से वार कर दिया।
