विकासनगर। प्रदेशभर में किराए के भवनों में संचालित हो रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को अप्रैल 2026 से लंबित भवन किराया जल्द मिलने की उम्मीद है। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने बताया कि मोर्चा के आग्रह पर शासन स्तर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

नेगी ने बताया कि भवन किराया नहीं मिलने के कारण आंगनबाड़ी केंद्र संचालकों और भवन स्वामियों को लंबे समय से आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में जन संघर्ष मोर्चा ने 14 जुलाई 2026 को सचिव, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास से बकाया किराया जारी कराने का आग्रह किया था।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देश के क्रम में निदेशक, बाल विकास द्वारा प्रदेश के सभी जिलों को आवश्यक बजट की मांग भेजने के लिए पत्र जारी कर दिए गए हैं। बजट की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही बकाया भवन किराया जारी करने की कार्रवाई भी तेज हो गई है।
रघुनाथ सिंह नेगी ने विश्वास जताया कि मोर्चा के प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का लंबित भवन किराया शीघ्र जारी कर दिया जाएगा, जिससे संबंधित भवन स्वामियों और केंद्रों को राहत मिलेगी।
