विकासनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना के वास्तविक पात्र लाभार्थियों को उनका हक दिलाने की मांग को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने शुक्रवार को विकासनगर तहसील का घेराव किया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी देहरादून को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी विनोद कुमार को सौंपते हुए चयन सूची की निष्पक्ष जांच और तहसील स्तर पर प्रभावी निगरानी की मांग की।
मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की विकासनगर ब्लॉक की चयन सूची में कई वास्तविक पात्र गरीबों के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि सरकारी नौकरी करने वाले, उनके परिजन तथा दो-तीन मंजिला मकानों के मालिकों के नाम सूची में शामिल किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ है तो यह सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला है।
नेगी ने आरोप लगाया कि कुछ साधन-संपन्न लोगों ने अपने वास्तविक पक्के मकानों को छिपाकर पुराने टीन शेड, गौशालाओं अथवा जर्जर ढांचों को दर्शाते हुए कथित मिलीभगत से योजना में अपना नाम शामिल करा लिया। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा वास्तविक पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद उपजिलाधिकारी विनोद कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि चयन सूची की जांच कराई जाएगी और जो भी पात्र लाभार्थी होंगे, उन्हें योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान प्रदर्शन में आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, के.सी. चंदेल, आर.पी. भट्ट, अकरम सलमानी, टीकाराम उनियाल, भजन सिंह नेगी, महेंद्र सिंघल, हाजी असद, विनोद रावत, प्रवीण शर्मा, सलीम खान, इदरीश, सुरेशानंद बेलवाल, महेंद्र भंडारी, मुमताज, अनिल गौड़, कारी शहजाद, प्रमोद शर्मा, भीम सिंह बिष्ट, पीके गोस्वामी, सोमपाल, वाहिद कुरैशी, मुकेश पसपोला, अतुल हांडा, विनय सजवान, सफीक पांडे, जसकीरत सिंह, नाज़िर, नाहिद, विपिन भारद्वाज, मनीष नेगी, श्याम सिंह, परवेज, ऋषि पाल, जीशान, नरेश ठाकुर, परवीन, गुरु चरण सिंह, चौधरी मामराज, साहिल, क्रिस्टीना, रजनीश शर्मा, जयपाल सिंह, सलीम मिर्जा, संजय पटेल, इशरत, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
