फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज और SEBI रजिस्टर्ड सलाहकार बनकर बनाया था जाल, आरोपी के खाते में पहुंची थी 6 लाख की रकम

देहरादून। 55.50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के फाजिल्का से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ठगी की रकम में से छह लाख रुपये अपने बैंक खाते में प्राप्त करने का आरोप है। पुलिस जांच में उसके बैंक खाते के विरुद्ध साइबर अपराध से संबंधित छह अन्य शिकायतें भी दर्ज होना सामने आया है।

पुलिस के अनुसार पंडितवाड़ी, देहरादून निवासी चुन्नी लाल अग्निहोत्री ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक साइबर ठगों ने उन्हें “SBSBL Community/VIP Community” नामक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा और खुद को SEBI रजिस्टर्ड सलाहकार बताया। आरोपियों ने फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज, डीमैट अकाउंट और नकली CDSL/NSDL दस्तावेज दिखाकर शिकायतकर्ता को विश्वास में लिया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में कुल 55.50 लाख रुपये जमा कराकर ठगी की गई।

मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन पर मु0अ0सं0 56/2025, धारा 318(4), 61(2) बीएनएस और 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना निरीक्षक अनिल कुमार को सौंपी गई।

जांच के दौरान ठगी की रकम की मनीट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल में सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू (26) निवासी शहीद भगत सिंह नगर, चक मन्नेवाला, थाना सिटी जलालाबाद, जिला फाजिल्का, पंजाब की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से छह लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे।

एसटीएफ टीम ने पंजाब में दबिश देकर आरोपी को फाजिल्का क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के बैंक खाते के विरुद्ध साइबर अपराध से जुड़ी अन्य छह शिकायतें भी दर्ज पाई गई हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू पुत्र चिमन सिंह, निवासी शहीद भगत सिंह नगर, चक मन्नेवाला, नियर नूर्समंद दरगाह, थाना सिटी जलालाबाद, जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक जगमोहन राणा और कांस्टेबल सोहन बडोनी शामिल रहे।

एसटीएफ ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाता, मोबाइल, ओटीपी, बैंकिंग विवरण या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देने वाले संदिग्ध ऑफर से भी सावधान रहें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार