Slug (English):
cambridge-school-principal-arrested-under-pocso-in-dehradun

देहरादून: 15 वर्षीय छात्र से दुष्कर्म के आरोप में कैम्ब्रिज स्कूल का प्रबंधक-प्रधानाचार्य गिरफ्तार

देहरादून, 21 जुलाई। देहरादून पुलिस ने 15 वर्षीय छात्र के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले में प्रेमनगर स्थित कैम्ब्रिज स्कूल के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य डॉ. एस. वोहरा सार्थक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को प्रेमनगर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली प्रेमनगर में तहरीर देकर बताया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र प्रेमनगर के एक निजी विद्यालय में पढ़ता है। पिछले कुछ समय से उसका व्यवहार बदला हुआ था और वह गुमसुम रहने लगा था। परिजनों द्वारा पूछताछ किए जाने पर छात्र ने आरोप लगाया कि विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य डॉ. एस. वोहरा सार्थक ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और गलत काम किया।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 142/26 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एफ), 6, 7 और 8 के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉ. एस. वोहरा सार्थक (57 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय जगन्नाथ वोहरा, निवासी एवं प्रबंधक-प्रधानाचार्य, कैम्ब्रिज स्कूल, पौंधा-बिधौली, प्रेमनगर, को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार