चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया। यह मशीन कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से स्थापित की गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सीमांत क्षेत्र के लिए करीब 40 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव है। राज्य सरकार की प्राथमिकता अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं और प्रशिक्षित मानव संसाधनों से सशक्त बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एमआरआई मशीन की स्थापना से चंपावत समेत पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और आसपास के सीमांत क्षेत्रों के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। अब गंभीर मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मस्तिष्क, रीढ़, नसों, जोड़ों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की उच्च स्तरीय जांच स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी, जिससे समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड वाले आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक विंग और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी तेजी से प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का निर्माण स्थानीय लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं प्रदान कर रहा है। वहीं, इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में 470.05 लाख रुपये की लागत से 129 बेड वाले आधुनिक छात्रावास का निर्माण पूरा हो चुका है। जनपद में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है, जिससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों को निःशुल्क और कैशलेस उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि चंपावत में स्वास्थ्य क्षेत्र में दिख रहा यह परिवर्तन सरकार की अंत्योदय सोच का परिणाम है, जिसके केंद्र में आम नागरिक का स्वास्थ्य और जीवन है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महारा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
