11 जुलाई से चल रहे सर्च अभियान का हुआ अंत, ढकरानी इंटेक के पास मिला शव, पुलिस को सौंपा गया
डाकपत्थर: शक्ति नहर में डूबे बसंत विहार देहरादून निवासी युवक आकाश कुमार का शव पांच दिन बाद एसडीआरएफ ने बरामद कर लिया। शव ढकरानी इंटेक के समीप शक्ति नहर में दिखाई देने की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए शव जिला पुलिस को सौंप दिया गया।
एसडीआरएफ को गुरुवार, 16 जुलाई को कोतवाली विकासनगर से सूचना मिली कि शक्ति नहर के ढकरानी इंटेक के पास एक शव दिखाई दिया है। सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक आशिक अली के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकाला।
शव की पहचान 34 वर्षीय आकाश कुमार, पुत्र मदनलाल के रूप में हुई। आकाश कुमार 11 जुलाई को शक्ति नहर में डूब गए थे। घटना के बाद से एसडीआरएफ लगातार उनकी तलाश में सर्च अभियान चला रही थी। कई दिनों की तलाश के बाद गुरुवार को उनका शव बरामद हुआ।
एसडीआरएफ ने शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
