देहरादून के बहुचर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे पांच आरोपियों पर उत्तराखंड पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उत्तराखंड के आदेश पर यह इनाम घोषित किया गया है।
यह मामला 13 फरवरी 2026 को डालनवाला थाना क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी में हुई विक्रम शर्मा की हत्या से जुड़ा है। इस संबंध में डालनवाला कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 30/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने इससे पहले इस मामले में एक लाख रुपये के इनामी आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल पांच अन्य आरोपियों की पहचान हुई, जो तब से फरार चल रहे हैं।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अब उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीजीपी उत्तराखंड ने सभी पांचों आरोपियों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
इनामी आरोपियों में आकाश कुमार प्रसाद, जितेंद्र कुमार साहू, अंकित कुमार वर्मा उर्फ अंकित वर्मा, आशुतोष कुमार सिंह और विशाल सिंह शामिल हैं। सभी आरोपी झारखंड के विभिन्न जिलों के निवासी हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को इन आरोपियों के संबंध में कोई सूचना मिले तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
