जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को केदारपुरम स्थित नारी निकेतन, बाल सुधार गृह एवं किशोरी गृह का स्थलीय निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों और महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता एवं पुनर्वास संबंधी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाल सुधार गृह में रह रहे किशोरों से संवाद कर उनकी दिनचर्या, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को बाल सुधार गृह में बेसिक लर्निंग प्रोग्राम संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों की शैक्षिक और बौद्धिक क्षमता का विकास हो सके। साथ ही सभी बालकों का विस्तृत प्रोफाइल तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक बालक की नियमित काउंसलिंग एवं स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए, जिससे उनके मानसिक और शारीरिक विकास को बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने पुनर्वास एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी विशेष जोर दिया।
नारी निकेतन एवं किशोरी गृह के निरीक्षण के दौरान डीएम ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नारी निकेतन में निवासरत किशोरियों एवं संवासिनियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने परिसर की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थानों में रहने वाले बच्चों और महिलाओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वर्तमान में नारी निकेतन में 160 संवासिनियां, बाल सुधार गृह में 7 किशोर तथा किशोरी संप्रेक्षण गृह में 12 किशोरियां निवासरत हैं।
निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष नमिता ममगाईं, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, सदस्य पी.एन. जौहर, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
