विकासनगर/देहरादून। खाद्य आयुक्त कार्यालय, देहरादून से जिला पूर्ति अधिकारी के पद पर कार्यरत सुरेंद्र सिंह चौहान 34 वर्षों की लंबी एवं गौरवपूर्ण सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। जौनसार के ग्राम लखवाड़ निवासी श्री चौहान ने वर्ष 1992 में सरकारी सेवा में प्रवेश किया था और वर्ष 2026 में सेवानिवृत्त हुए।
खाद्य आयुक्त कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह में अपर आयुक्त पी.एस. पांगती, संयुक्त आयुक्त महेंद्र सिंह बिसेन, आरएमओ घिडियाल, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बचन सिंह रावत सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री चौहान के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, सरल और जनहित के प्रति समर्पित अधिकारी बताया।
सुरेंद्र सिंह चौहान ने वर्ष 2014 से 2024 तक विकासनगर क्षेत्र में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने और केंद्र व राज्य सरकार की खाद्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में अनेक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ मिला और विभागीय कार्यों में पारदर्शिता व प्रभावशीलता बढ़ी।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, स्वस्थ जीवन और सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए उनके योगदान को विभाग के लिए प्रेरणादायी बताया।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार