विकासनगर/चकराता। रामपुर मंडी के आसपास स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध खनन की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रभागीय वनाधिकारी, चकराता वन प्रभाग वैभव कुमार सिंह ने सोमवार रात्रि क्षेत्र का निरीक्षण कर विशेष अभियान दल की कार्यप्रणाली का अनुश्रवण किया। इस दौरान उन्होंने रामपुर मंडी वन क्षेत्राधिकारी आनंद सिंह रावत के नेतृत्व में गठित विशेष अभियान दल की गतिविधियों की समीक्षा की और पूर्व में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान रात्रि में खनिज ढुलान कर रहे वाहनों के रवन्ना और अन्य अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही धर्म कांटे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का भी परीक्षण किया गया। डीएफओ ने आरक्षित वन क्षेत्र की सीमा पर पूर्व में खोदी गई खाई का निरीक्षण कर सीमा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने आरक्षित वन की सीमा पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने तथा वन क्षेत्र की सीमाओं को स्पष्ट रूप से चिह्नित करने के लिए सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए।
रात्रि गश्त एवं निरीक्षण के दौरान वन दरोगा गौतम क्षेत्री, वन दरोगा प्रदीप सक्सेना, वन बीट अधिकारी कुमारी पूनम चौहान, वन आरक्षित मुख्तयार श्रीमती सपना तथा बीट सहायक सहित अन्य वन कर्मी मौजूद रहे।
