विकासनगर/कालसी। कालसी वन प्रभाग ने अवैध रूप से रेत एवं खनिज परिवहन कर रहे एक डंपर को सीज करने के लिए प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई की मांग की है। उप प्रभागीय अधिकारी, कालसी राजीव नयन नौटियाल ने इस संबंध में उप जिलाधिकारी कालसी को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

पत्र के अनुसार, 29 जून 2026 को नियमित गश्त के दौरान वन बैरियर पर एक डंपर को रोका गया, जिसमें अवैध रूप से रेत और खनिज का परिवहन किया जा रहा था। वाहन चालक से वैध दस्तावेज मांगे जाने पर उसने वाहन को मौके पर छोड़कर फरार होने का प्रयास किया। वन कर्मियों के पास केवल निर्देश होने के कारण वाहन को तत्काल सीज नहीं किया जा सका।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उक्त डंपर पूर्व में भी कालसी पुलिस बैरियर से होकर गुजरा था और केआरबीएमएलएलपी क्षेत्र से बिना किसी वैध चालान के निकला था। वाहन को वर्तमान में वन विभाग की निगरानी में रखा गया है।

वन विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम गठित कर नियमानुसार वाहन को सीज करने, प्रकरण की जांच करने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विभिन्न जांच एजेंसियों से सहयोग लेने और घटना से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने की भी बात कही गई है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार