सड़कों और निर्माण कार्यों में लापरवाही पर घिरी ईएमएस कंपनी, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

विकासनगर। शहर में अधूरे पड़े निर्माण कार्यों और खराब गुणवत्ता के कामों को लेकर सोमवार को जनाक्रोश खुलकर सामने आया। पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सभासद शम्मी प्रकाश के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल ईएमएस कंपनी के कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों को शहर की विभिन्न समस्याओं की सूची सौंपते हुए तत्काल समाधान की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष से अधिक समय से गुरुद्वारा गली, शीतला माता मंदिर गली, मुस्लिम बस्ती, सिंगर कॉलोनी, दिनकर विहार, डाकपत्थर रोड, इंदिरा उद्यान मार्ग, पालिका रोड, शिवलोक कॉलोनी, वार्ड संख्या-6 और जौनसार आदर्श कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों में कंपनी के अधूरे और निम्न गुणवत्ता वाले कार्यों के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी के अधिकारी के.पी. सिंह से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान कंपनी की ओर से शिवलोक कॉलोनी और दिनकर विहार की कुछ समस्याओं का तत्काल समाधान कराने तथा शेष समस्याओं के निस्तारण के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों के साथ मौके का निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों पर शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने, फोन नहीं उठाने और आमजन के साथ उचित व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो व्यापक जनआंदोलन चलाकर कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।

शम्मी प्रकाश ने कहा कि कंपनी की लापरवाही के कारण शहर में जगह-जगह सड़कें और निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं, जिससे लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

पूर्व सभासद राजेंद्र बिंजोला ने भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि इंदिरा उद्यान मार्ग और पालिका कार्यालय के सामने किए गए कार्यों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन कंपनी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रही है।

बैठक में देवानंद पासी, राजीव शर्मा, भुवन पंत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान देवानंद पासी, राजेंद्र बिंजोला, राजीव शर्मा, भुवन पंत, राजेंद्र रोहिल्ला, फहीम अंसारी, वैभव गुप्ता, रजत जैन, सदाकत अली जैदी, भूपेश उपाध्याय, संयम जैन, शिवली जैदी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार