सहारनपुर मुठभेड़ में ढेर हुआ 1.25 लाख का इनामी लल्लन सिंह, सात हत्याओं का था आरोपी
सहारनपुर। बिहार और उत्तर प्रदेश में कई संगीन अपराधों में वांछित 1.25 लाख रुपये का इनामी अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन रविवार देर रात सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यह मुठभेड़ सरसावा-नकुर रोड पर हुई, जहां पुलिस टीम और बदमाशों के बीच हुई गोलीबारी में लल्लन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
ललन सिंह उर्फ लल्लन बिहार के समस्तीपुर जिले के आनंदगोलवा गांव, थाना मोहिउद्दीन नगर का निवासी था। वह लंबे समय से कई संगीन मामलों में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से एक लाख रुपये तथा चंदौली पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लल्लन सिंह पर सात हत्या के मुकदमे दर्ज थे। इन मामलों में दो दारोगा, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड की हत्या भी शामिल है। बिहार में उसके खिलाफ कई अन्य गंभीर आपराधिक मामले भी दर्ज थे। हाल के दिनों में उसकी गतिविधियां उत्तर प्रदेश में भी बढ़ गई थीं, जिसके चलते पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
