लखनऊ। रक्षा मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह के दूसरे बेटे नीरज सिंह की औपचारिक रूप से राजनीति में एंट्री हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।

नीरज सिंह लंबे समय से लखनऊ में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और अपने पिता राजनाथ सिंह के राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यों में सहयोग करते रहे हैं। पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच भी उनकी सक्रियता लगातार बढ़ी है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है।

गौरतलब है कि इससे पहले राजनाथ सिंह के बड़े बेटे और नोएडा से विधायक पंकज सिंह भी उत्तर प्रदेश भाजपा में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब नीरज सिंह के संगठन में शामिल होने के साथ ही भाजपा में उनकी राजनीतिक भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद नीरज सिंह की सक्रियता प्रदेश स्तर पर और बढ़ेगी। भाजपा के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी भूमिका अहम रहने की संभावना है।

नीरज सिंह की नियुक्ति को भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार