विकासनगर। जिला कांग्रेस कमेटी पछवादून के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित लाठीचार्ज एवं बल प्रयोग के विरोध में तहसील परिसर विकासनगर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत उप जिलाधिकारी, विकासनगर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी पछवादून के कार्यकर्ता सुबह 11 बजे जिला अध्यक्ष संजय किशोर के नेतृत्व में तहसील परिसर में एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित बल प्रयोग एवं लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी पछवादून के अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किए जाने के बजाय शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग और लाठीचार्ज किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस दौरान कई युवाओं एवं महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश की शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। आज जब युवा अपने हक और भविष्य की लड़ाई लड़ते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें सरकार के सामने रख रहे हैं, तब उनके साथ बर्बरता पूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी युवाओं की आवाज को दबाने के किसी भी प्रयास का पुरजोर विरोध करती है।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने कहा कि इस लोकतांत्रिक घटना के विरोध में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास की ओर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राहुल गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार किया जाना पूरी तरह अलोकतांत्रिक है, जिसकी कांग्रेस पार्टी घोर निंदा करती है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर की गई कार्रवाई की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता विपुल जैन, अभिनव ठाकुर, विकास शर्मा, अतुल शर्मा, शम्मी प्रकाश जिला पंचायत सदस्य पिंकी रोहिल्ला, जिला पंचायत सदस्य दीवान सियाणा, जिला उपाध्यक्ष सरदार सिंह, बीना चौहान राजीव शर्मा, राजेंद्र बिंजोला,वैभव गुप्ता, अभिषेक गर्ग, हरीश ग्रोवर, शराफत अली, जितेंद्र रावत, मोहित बिष्ट, फुरकान अहमद, सलीम, उम्मेद सिंह, कालसी ब्लॉक अध्यक्ष सुनील शर्मा, सुरेश राणा, जीतू, शिवानी, असद, अभी राजन , अनस, मुनीर, बृजेश, बंटी, अमरदीप, मुकेश, सचिन, निशांत त्यागी, भूपेश उपाध्याय, अश्विनी, देवानंद, पासी, वाजिद, वसीम, राजेश पासी, नासिर, शुभम, अमित रमोला, सुभाष चंदेल, शाहिद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
