गढ़वाल के 65 कॉलेजों की छात्र आवाज बने विक्की पंवार, छात्र महासंघ अध्यक्ष चुने गए
जौनसार-बावर से श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के सर्वोच्च छात्र पद तक पहुंचने वाले पहले छात्र नेता
देहरादून/पछवादून। जौनसार-बावर के खारसी गांव निवासी विक्की पंवार ने छात्र राजनीति में इतिहास रचते हुए श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। अध्यक्ष पद के चुनाव में विक्की पंवार ने 45 में से 42 मत हासिल कर एकतरफा जीत दर्ज की। उनकी इस जीत के साथ जौनसार-बावर क्षेत्र को विश्वविद्यालय छात्र महासंघ के सर्वोच्च छात्र पद पर पहली बार प्रतिनिधित्व मिला है।
छात्र महासंघ अध्यक्ष चुने जाने के बाद विक्की पंवार अब विश्वविद्यालय से संबद्ध 65 डिग्री कॉलेजों के छात्र-छात्राओं का प्रतिनिधित्व करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च छात्र नेतृत्व तक पहुंचने को क्षेत्र में युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
विक्की पंवार की जीत की घोषणा के बाद पछवादून और जौनसार-बावर क्षेत्र में समर्थकों ने खुशी जताई। कई स्थानों पर आतिशबाजी कर और मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया गया। छात्र नेताओं और क्षेत्र के सामाजिक संगठनों ने भी विक्की पंवार को बधाई दी।
नवनिर्वाचित छात्र महासंघ अध्यक्ष विक्की पंवार ने अपनी जीत को छात्रों की जीत बताते हुए कहा कि उनका प्रयास विश्वविद्यालय से जुड़े सभी कॉलेजों के विद्यार्थियों की समस्याओं को मजबूती से उठाना रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता, कॉलेजों में बुनियादी सुविधाओं, शैक्षणिक सुधार और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
विक्की पंवार की इस जीत को जौनसार-बावर के छात्र नेतृत्व के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। खारसी गांव से शुरू हुआ उनका सफर अब गढ़वाल मंडल के 65 कॉलेजों के छात्र नेतृत्व तक पहुंच गया है।
