मंगलौर। 13 वर्षीय बेटी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके पिता और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बेटी के किसी से बात करने के शक में पिता ने दोस्त के साथ मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक तमंचा बरामद किया है। वहीं, गंगनहर में किशोरी के शव की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, मंगलौर निवासी महिला ने 21 अगस्त को धनेश्वर उर्फ तोता और आशीष उर्फ धोल्ला के खिलाफ अपनी 13 वर्षीय बेटी को घर से ले जाने और वापस नहीं लाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला पेचीदा होने के कारण पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मृतका के पिता पर ही हत्या का शक हुआ।

पुलिस टीम ने सुराग जुटाते हुए 22 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी पिता धनेश्वर ने कथित तौर पर बताया कि उसे शक था कि उसकी बेटी किसी से बातचीत करती है। समझाने के बावजूद बात नहीं मानने पर उसने अपने दोस्त आशीष के साथ मिलकर 27 जुलाई को बेटी को मोटरसाइकिल से माता मंदिर के पास पुल पर ले गया। वहां कथित रूप से कमीज से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी धनेश्वर के कब्जे से 315 बोर का तमंचा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गंगनहर में शव की तलाश के लिए पुलिस टीम के प्रयास लगातार जारी हैं।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. धनेश्वर उर्फ तोता पुत्र मांगेराम
  2. आशीष उर्फ धोल्ला पुत्र सुनील, निवासी ग्राम ब्रह्मपुर जट्ट, कोतवाली मंगलौर, हरिद्वार।

आपराधिक इतिहास: धनेश्वर के खिलाफ मंगलौर और रुड़की कोतवाली में पूर्व से कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, चोरी, आबकारी अधिनियम तथा अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं।

पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक भगवान महर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल सिंह, उपनिरीक्षक आनंद मेहरा, कांस्टेबल पंकज, सुधीर और मो. अजीज शामिल रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार