विकासनगर। पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार, लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी तथा बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ आवाज बुलंद की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्षों की मेहनत और सपनों के सहारे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को बार-बार पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण और भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी का सामना करना पड़ रहा है। इससे युवाओं में मानसिक तनाव, असुरक्षा और सरकारी संस्थाओं के प्रति अविश्वास बढ़ रहा है।
कांग्रेस ने कहा कि उत्तराखंड सहित देशभर में भर्ती घोटालों और पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। मेहनत और प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ने की उम्मीद रखने वाले युवाओं को अब व्यवस्था की खामियों से जूझना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान देहरादून की छात्रा रिया कुमारी थापा की आत्महत्या का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि परीक्षा संबंधी तनाव और अनिश्चितता से जूझ रहे युवाओं की पीड़ा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही अनियमितताओं से युवाओं का मनोबल टूट रहा है और वे निराशा की ओर धकेले जा रहे हैं।
कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर नकल विरोधी कानूनों की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि बार-बार सामने आ रहे ऐसे मामलों से सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कांग्रेस ने मांग की कि पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, नकल माफिया के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाया जाए तथा लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और परामर्श के लिए विशेष व्यवस्था किए जाने की भी मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी युवाओं की आवाज को बुलंद करने और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली किसी भी व्यवस्था के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।

