माता भरना देवी मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियां और सामान चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, कबाड़ी भी दबोचा
देहरादून। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने मंदिर में चोरी की सनसनीखेज घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से माता भरना देवी मंदिर से चोरी की गई अष्टधातु की मूर्तियां, घंटा, दिया, थाली, शिवलिंग सहित अन्य सामान और नकदी बरामद की है।
राजपुर थाना क्षेत्र के पुरुकुल रोड स्थित माता भरना देवी मंदिर में 3 सितंबर को अज्ञात चोरों ने अष्टधातु की मूर्तियां और पूजा सामग्री के साथ नकदी चोरी कर ली थी। मंदिर से चोरी की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर राजपुर पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों की जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस की सक्रियता का परिणाम यह रहा कि 4 सितंबर को भंडार गांव पुरुकुल रोड के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर सिद्धार्थ थापा और अंकित भंडारी को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया सामान और नकदी बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने पहले क्षेत्र की रैकी की और फिर सुनियोजित तरीके से मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी किए गए सामान का कुछ हिस्सा उन्होंने शत्रुघ्न नाम के एक कबाड़ी को बेच दिया था।
इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंगल तिराहा पुरुकुल रोड के पास से कबाड़ी शत्रुघ्न को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी कबाड़ी ने कम दामों में चोरी का सामान खरीदकर उसे अधिक कीमत पर बेचने की योजना बनाई थी, लेकिन इससे पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
बरामदगी
- अष्टधातु की मूर्तियां – 4
- अष्टधातु का घंटा – 1
- अष्टधातु के दिए – 2
- अष्टधातु की थालियां – 3
- अष्टधातु की तश्तरी – 1
- अष्टधातु का शिवलिंग – 1
- नकद धनराशि – 2000 रुपये
