विकासनगर। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 204 ग्राम अवैध चरस बरामद करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर की शाम करीब 7:35 बजे पुल नंबर-1 विकासनगर क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान रोहित थापा (39) को संदिग्ध परिस्थितियों में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 204 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान रोहित थापा पुत्र गोरख बहादुर, निवासी रॉयल कॉलेज बाडवाल, विकासनगर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नेपाल के बांके जिले का रहने वाला है।
ग्राहक आते थे फास्ट फूड खाने, तस्कर बेचता था चरस!
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि डाकपत्थर क्षेत्र में उसकी फास्ट फूड की दुकान है, लेकिन दुकान से परिवार का खर्च पूरा नहीं हो पा रहा था। इसी वजह से उसने दुकान पर आने-जाने वाले ग्राहकों को चोरी-छिपे चरस बेचना शुरू कर दिया। विकासनगर क्षेत्र में भी मांग होने पर वह चरस उपलब्ध कराता था और इससे उसे अच्छा मुनाफा होता था।
पुलिस अब आरोपी से बरामद चरस के स्रोत और उसके नेटवर्क के संबंध में जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0-270/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
बरामदगी:
204 ग्राम अवैध चरस
तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK16F-2471
गिरफ्तारी टीम: उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह गुसाईं, कांस्टेबल पवन बिष्ट और कांस्टेबल सुरेंद्र तोमर।
