मोहर्रम के अवसर पर 26 जून 2026 को निकाले जाने वाले जुलूस को देखते हुए देहरादून पुलिस ने दोपहर 2 बजे से विशेष यातायात डायवर्जन प्लान लागू करने का निर्णय लिया है। जुलूस के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, जुलूस के ईसी रोड से प्रारंभ होने पर यूकेलिप्टस चौक, बेनी बाजार और सर्वे चौक से ईसी रोड की ओर किसी भी प्रकार का यातायात नहीं जाने दिया जाएगा। जुलूस के सर्वे चौक पार करने के बाद ईसी रोड का यातायात सामान्य कर दिया जाएगा, जबकि सर्वे चौक से परेड ग्राउंड की ओर यातायात बंद रहेगा और वाहनों को क्रॉस रोड एवं बुद्धा चौक के रास्ते भेजा जाएगा।
परेड ग्राउंड से रोजगार तिराहा, कॉन्वेंट तिराहा और लैन्सडॉन चौक की ओर जुलूस के बढ़ने पर इन मार्गों पर जुलूस के समानांतर किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा तथा यातायात को सर्वे चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
जुलूस के लैन्सडॉन चौक से दर्शनलाल चौक पहुंचने के बाद सर्वे चौक का यातायात सामान्य कर दिया जाएगा, लेकिन लैन्सडॉन चौक से दर्शनलाल चौक की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके बाद दर्शनलाल चौक, तहसील चौक और इनामुल्ला बिल्डिंग की ओर जुलूस के दौरान पीछे से किसी भी प्रकार का यातायात नहीं भेजा जाएगा। वाहनों को दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून चौक और द्रोण होटल कट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इनामुल्ला बिल्डिंग पर जुलूस समाप्त होने के बाद शहर का सम्पूर्ण यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
विक्रम एवं सिटी बसों के लिए विशेष व्यवस्था
- 3 नंबर विक्रम को रेसकोर्स चौक से वापस रेसकोर्स पीएनबी तिराहा और आराघर टी-जंक्शन की ओर भेजा जाएगा।
- 5 और 8 नंबर विक्रम रेलवे गेट से वापस लौटाए जाएंगे।
- 2 नंबर विक्रम, सिटी बस और अन्य व्यावसायिक वाहनों को सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से वापस किया जाएगा।
- प्रेमनगर और कैंट से आने वाले विक्रमों को बिंदाल पुल से वापस मोड़ा जाएगा।
देहरादून पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्ट रूटों का प्रयोग करें और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
