सेक्टरवार इवेक्यूएशन प्लान और समेकित आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में कुंभ मेला-2027 के दौरान आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को संभावित आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मेला अवधि में किसी भी स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी रिस्पांस सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य सचिव ने पूरे कुंभ क्षेत्र की सेक्टरवार निकासी योजना (इवेक्यूएशन प्लान) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक प्लान, इवेक्यूएशन प्लान और फायर कंट्रोल मैकेनिज्म को शामिल करते हुए समेकित आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने को कहा। भूकंप, बाढ़ तथा केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर (सीबीआरएन) आपात स्थितियों के लिए स्पष्ट एसओपी तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने बाढ़, भूकंप और सीबीआरएन आपदा प्रबंधन के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि केवल उपकरण खरीदना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका ऑपरेशनल रहना, नियमित रखरखाव और संबंधित कार्मिकों का प्रशिक्षण भी जरूरी है। उपकरणों से जुड़े गैप का आकलन कर एसडीआरएफ के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने एटीएस को और मजबूत करने तथा कुंभ मेले के पीक टाइम को ध्यान में रखते हुए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर जोर दिया। मॉक ड्रिल के दौरान आपात स्थिति का वास्तविक सिमुलेशन करते हुए वैकल्पिक मार्गों और रिस्पांस मैकेनिज्म का परीक्षण करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाओं का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में रिस्पांस टाइम को न्यूनतम करना होना चाहिए।
एआई और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
मुख्य सचिव ने कुंभ मेले में एआई और आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं और अनुभवों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में बड़े आयोजनों के दौरान उसका उपयोग किया जा सके। आवश्यक तकनीकी एवं विशेषज्ञ सहयोग के लिए आईटीडीए और आपदा प्रबंधन विभाग सहित संबंधित संस्थाओं की सहायता लेने तथा जरूरत के अनुसार विशेषज्ञों को हायर करने को भी कहा।
मोबाइल नेटवर्क और कम्युनिकेशन सिस्टम मजबूत करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने कम्युनिकेशन मैनेजमेंट को मजबूत करने के साथ ही अफवाहों की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला क्षेत्र में पीक टाइम के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मोबाइल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त मोबाइल टावर एवं संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
इसके अलावा कंट्रोल रूम को मजबूत करने और सभी संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय बैठकें कर तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेला-2027 बड़े स्तर का आयोजन है और किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह तैयार रहना होगा।
बैठक में सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनय शंकर पाण्डेय, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
