देहरादून। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड की महिलाएं प्रदेश के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में शत-प्रतिशत किराया छूट के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
उत्तराखंड शासन ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शासनादेश के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर दोनों दिनों प्रदेश की महिलाओं को निगम की बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा।
महिलाओं का आवागमन होगा सुगम:-
रक्षाबंधन पर्व पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। सरकार की इस पहल से उन्हें सुरक्षित, सुगम और निशुल्क सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। इसका उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं के आवागमन को आसान बनाने के साथ उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करना है।
सरकार करेगी खर्च की प्रतिपूर्ति:-
शासनादेश में अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा दिए जाने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
रक्षाबंधन पर प्रदेश की बहनों के लिए धामी सरकार का यह निर्णय महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
