देहरादून। दून पुलिस ने एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति के तहत करीब एक वर्ष पूर्व हुई लाखों रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों की चोरी का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी का राज इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई एक तस्वीर से खुला, जिसमें आरोपी महिला चोरी का हीरे का हार पहने नजर आई।
पुलिस के अनुसार, आईटी पार्क स्थित सिक्का किमाया ग्रीन निवासी नितिशा वत्स ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और अन्य कीमती आभूषण गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा कि संभवतः उन्होंने आभूषण कहीं और रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दे दिए हैं, इसलिए चोरी का संदेह नहीं हुआ।

कुछ दिन पहले एक परिचित ने उन्हें इंस्टाग्राम पर एक महिला की तस्वीर दिखाई, जिसमें वह हीरे का हार पहने हुए थी। तस्वीर में दिख रहा हार उनके खोए हुए हार से हूबहू मिलता था। फोटो में दिखाई दे रही महिला उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला निकली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को जोहड़ी रोड से आरोपी विमला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए हीरे और सोने के आभूषण बरामद कर लिए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नितिशा वत्स के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी और घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषणों को अक्सर देखा करती थी। लालच में आकर उसने मौका देखकर लॉकर से हीरे और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। घर की मालकिन का उस पर पूरा भरोसा था, इसलिए उसने उन्हें यह विश्वास दिला दिया कि संभवतः आभूषण कहीं और रख दिए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक हीरे का हार, एक सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडल तथा एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
