देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आठ दोपहिया वाहन और दो एक्टिवा के कटे हुए पार्ट्स बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से अलग-अलग तिथियों में दोपहिया वाहनों की चोरी की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

लगातार प्रयासों के बाद 2 जुलाई 2026 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से मोहन क्षेत्री उर्फ मांचा, वीरपाल उर्फ भेड़ और अरसल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, छह एक्टिवा स्कूटी और दो एक्टिवा के इंजन व अन्य पार्ट्स बरामद किए।
पूछताछ में सामने आया कि मोहन और वीरपाल नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों आरोपी सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी कर मास्टर-की से उनका लॉक खोलते थे। जिन वाहनों को मास्टर-की से नहीं खोल पाते थे, उनका लॉक तोड़कर चोरी कर लेते थे।

पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए वाहनों को दोनों आरोपी अपने साथी अरसल को बेच देते थे, जो मैकेनिक का काम करता है। अरसल वाहनों के पार्ट्स निकालकर उन्हें कबाड़ियों को बेच देता था।
गिरफ्तार आरोपी मोहन क्षेत्री के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट समेत अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी देहरादून ने इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
