चकराता। चकराता ब्लॉक स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज कांडोई भरम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर ओवरऑल एथलेटिक्स चैंपियनशिप अपने नाम की। राजकीय इंटर कॉलेज लाखामंडल की ओर से शेर ग्राउंड में आयोजित प्रतियोगिता 27 से 29 सितंबर 2026 तक चली।
प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज कांडोई भरम ने 130 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय इंटर कॉलेज क्वांसी 84 अंकों के साथ दूसरे और राजकीय इंटर कॉलेज त्यूनी तीसरे स्थान पर रहा।
कांडोई भरम की तीन छात्राओं ने अपने-अपने आयु वर्ग में व्यक्तिगत चैंपियनशिप हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। अंडर-19 वर्ग में तनु ने 800 मीटर, 1500 मीटर और 3000 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में काजल ने 800 मीटर, 1500 मीटर और 3000 मीटर में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-14 वर्ग में अंशिका ने लॉन्ग जंप, 100 मीटर और 200 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम की।
ओवरऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी राजकीय शिक्षक संघ के चकराता ब्लॉक अध्यक्ष यशपाल सिंह नेगी और ब्लॉक खेल समन्वयक वीर विक्रम नेगी ने राजकीय इंटर कॉलेज कांडोई भरम के व्यायाम शिक्षक वीरेंद्र सिंह चौधरी तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को प्रदान की।
इस अवसर पर विधानसभा स्तरीय खेल प्रतियोगिता में अंडर-19 ओवरऑल चैंपियनशिप प्राप्त करने पर व्यायाम शिक्षक वीरेंद्र सिंह चौधरी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान सह समन्वयक जावेद खान, लाखामंडल के व्यायाम शिक्षक वरुण मिश्रा, अमित कुमार, रविंद्र गोड, जयचंद चौहान, अंकित पवार, मंजू सहित अन्य व्यायाम शिक्षक मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर छात्र-छात्राओं और खेल प्रशिक्षकों को बधाई दी।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार