विकासनगर। राजकीय इंटर कॉलेज कांडोईभरम के छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और चकराता ब्लॉक का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में विद्यालय की अनीता और किरण ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक से तीन नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में विद्यालय के आठ छात्र-छात्राओं का चयन हुआ था। इनमें अनीता, सांगली, तनु, सचिन, किरण, रंजीता, आशिका और सृष्टि शामिल थीं।
प्रतियोगिता में अनीता ने ट्रिपल जंप में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुईं। वहीं किरण ने 400 मीटर बाधा दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई। तनु ने 3000 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि अनीता ने लंबी कूद में भी द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल आठ पदक अपने नाम किए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बजानंद शर्मा ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि व्यायाम शिक्षक वीरेंद्र सिंह चौधरी के नेतृत्व में विद्यालय के बालक-बालिकाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। यह उपलब्धि पूरे चकराता ब्लॉक और देहरादून जनपद के लिए गौरव की बात है।
प्रतियोगिता के दौरान चकराता ब्लॉक के अध्यक्ष यशपाल सिंह नेगी, व्यायाम शिक्षक अमित कुमार, वीरेंद्र सिंह चौधरी और विनेश कुमार भी उपस्थित रहे। खंड शिक्षा अधिकारी बुशरा ने राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित अनीता और किरण को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खेल समन्वयक वीर विक्रम और सह समन्वयक जावेद खान ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित दोनों खिलाड़ियों की सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
