पिता की अंतिम इच्छा का किया सम्मान, समाज को दिया बेटा-बेटी की समानता का संदेश
विकासनगर। समाज में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव की सोच को पीछे छोड़ते हुए जमनीपुर टप्पड़ निवासी विपिन चंद्र मिश्रा की दो बेटियों ने अपने पिता की अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए उन्हें मुखाग्नि दी। बेटियों के इस कदम ने समाज को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश दिया है।
विपिन चंद्र मिश्रा का निधन 3 नवंबर 2026 को हो गया था। 4 नवंबर को आसन नदी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के कोई पुत्र नहीं था। ऐसे में उनकी इच्छा के अनुरूप उनकी दोनों बेटियों श्रीमती सृष्टि शर्मा पत्नी एडवोकेट कुलदीप राज शर्मा निवासी जमनीपुर टप्पड़ तथा श्रीमती शिखा भंडारी पत्नी अश्वनी भंडारी निवासी अंबोया, तहसील पांवटा साहिब ने अपने पिता को मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी।

इस अवसर पर भाजपा नेता विपुल अग्रवाल ने कहा कि बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं। आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का परिचय दे रही हैं। विपिन चंद्र मिश्रा की बेटियों ने अपने पिता की अंतिम इच्छा का सम्मान कर यह साबित किया है कि संतान का फर्ज निभाने के लिए बेटा या बेटी होना मायने नहीं रखता, बल्कि प्रेम, संस्कार और जिम्मेदारी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसी सकारात्मक सोच को अपनाना चाहिए और बेटियों को भी बेटों के समान अधिकार, सम्मान और अवसर देने चाहिए।
बेटियों के इस कदम ने एक बार फिर साबित किया कि माता-पिता के प्रति प्रेम और कर्तव्य का रिश्ता किसी लिंग का मोहताज नहीं होता।
