विकासनगर। अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने और उन्हें शीतकालीन एवं ग्रीष्मकालीन अवकाश का वेतन देने की मांग को लेकर बुधवार को जन संघर्ष मोर्चा कार्यकर्ताओं ने तहसील विकासनगर का घेराव कर प्रदर्शन किया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में तहसील के नाजिर बिजल्वाण को सौंपा।

इस दौरान रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में करीब पांच हजार अतिथि शिक्षक पिछले दस वर्षों से अधिक समय से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका भविष्य सुरक्षित नहीं है। अतिथि शिक्षकों को महज 25 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में नाकाफी है। इतना ही नहीं, उन्हें ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश के दौरान मानदेय भी नहीं दिया जाता।

नेगी ने कहा कि अतिथि शिक्षकों को ईपीएफ और ईएसआई जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है। शिक्षा मंत्री की ओर से पूर्व में मानदेय बढ़ाने के निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि कई अतिथि शिक्षक अपने घरों से 200 से 400 किलोमीटर या इससे भी अधिक दूरी पर स्थित दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं। 25 हजार रुपये के मानदेय का बड़ा हिस्सा मकान किराये और खानपान पर खर्च हो जाता है। ऐसे में उनके लिए परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो रहा है।

नेगी ने सरकार से अतिथि शिक्षकों का मासिक मानदेय बढ़ाकर कम से कम 40 हजार रुपये करने, शीतकालीन एवं ग्रीष्मकालीन अवकाश का वेतन देने तथा ईपीएफ और ईएसआई सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन में ये रहे मौजूद

मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, मुजीबुर्रहमान सलीम, अमित जैन, हाजी असद, अशोक चंडोक, प्रवीण शर्मा पिन्नी, महेंद्र सिंघल, आशीष सिंह, चेतन रावत, वाहिद कुरैशी, अजीत चौधरी, अकरम सलमानी, अनंत चंद, मान चंद राणा, रहबर अली, ब्लॉक अध्यक्ष भीम सिंह बिष्ट, अशोक गुप्ता, विनय गुप्ता, विनोद जैन, देव सिंह चौधरी, आशीष चौधरी, बिल्लू गिल्बर्ट, निशा खातून, मनोज राय, गयूर, सुरजीत सिंह, समीम, मनीष नेगी, चौधरी मामराज, समून, शेर सिंह चौधरी, श्रवण गर्ग, क्रिस्टीना, राघव भल्ला, जसकीरत सिंह, अंकुर चौरसिया, जयपाल सिंह, सलीम मिर्जा और सुनील कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार