किसानों को धान बिक्री में होने वाली सुविधाओं और खरीद प्रक्रिया की ली जानकारी
विकासनगर। किसान सहकारी समिति हरबर्टपुर में शुक्रवार को यूसीएफ धान क्रय केंद्र का उद्घाटन विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया। इस दौरान विधायक ने धान क्रय केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए किसानों को धान बेचने में होने वाली सुविधाओं और खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली।
उद्घाटन के बाद विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने धान क्रय केंद्र प्रभारी प्रीती सैनी से किसानों के पंजीकरण, धान खरीद की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और खरीद से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्र पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी किसानों को धान बिक्री के दौरान होने वाली प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। विधायक ने समिति पदाधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा करते हुए किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर किसान सहकारी समिति की अध्यक्ष बिना देवी, उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, रिंकू सहित समिति के कर्मचारी, धान क्रय केंद्र प्रभारी प्रीती सैनी और क्षेत्र के किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम में राज सिंह, महेंद्र सिंह, अजय, राम सिंह, सुखा सिंह, देवेंद्र सिंह, राजकुमार, रामपाल, विजय कुमार, अरुण, बलवंत नेगी, उजला, शिवानी, बलबीर और पंकज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
