देहरादून: मसूरी के टिपरीधार स्थित एक होमस्टे में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में मसूरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 को मसूरी-धनौल्टी रोड स्थित कियाना होमस्टे, टिपरीधार में अपने पति के साथ ठहरी पारुपुडी राधा गायत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों की शिकायत पर कोतवाली मसूरी में पति सोमयाजुला चरण के खिलाफ मुकदमा संख्या 19/2026 दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर न्यायिक मजिस्ट्रेट, मसूरी से आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) प्राप्त किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी सोमयाजुला चरण, निवासी मधु विहार, पूर्वी दिल्ली को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
