देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 16.59 ग्राम स्मैक और 10 किलो 202 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी सीज कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान कबाड़ी पुल से थाने की ओर आने वाले मार्ग पर वाहन संख्या UP-86-X-5007 में सवार करन और हिमांशु को क्रमशः 7.98 ग्राम और 8.61 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, आशारोड़ी आरटीओ चेक पोस्ट के पास अंचल राजपूत को 10 किलो 202 ग्राम गांजा के साथ दबोच लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक और गांजा सहारनपुर तथा बिहार से लाकर देहरादून में नशे के आदी लोगों और शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को ऊंचे दामों पर बेचते थे। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
