हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान नकली नोटों के एक और गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पंजाब के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹500 के 169 नकली नोट, जिनकी कुल कीमत ₹84,500 है, बरामद किए गए हैं। मामले की जांच के साथ-साथ नकली नोटों के सप्लायर तक पहुंचने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली नगर पुलिस ने मेला अस्पताल क्षेत्र के पास चार संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चारों भागने लगे, लेकिन बिल्केश्वर तिराहे से टिबड़ी तिराहे के बीच उन्हें दबोच लिया गया।

तलाशी में आरोपियों के पास से ₹500 के 169 जाली नोट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गुरदासपुर (पंजाब) के एक व्यक्ति से ₹20 हजार देकर ₹500 के 200 नकली नोट खरीदे थे। इन नकली नोटों को असली बताकर बाजार में चलाने के उद्देश्य से वे हरिद्वार आए थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि कुछ नकली नोटों से खरीदारी भी की जा चुकी है।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं और पूरे नेटवर्क की गोपनीय जांच की जा रही है। पुलिस अब मुख्य सप्लायर और पूरे सिंडिकेट तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी पंजाब के गुरदासपुर जिले के निवासी हैं।

पुलिस का कहना है कि नकली नोटों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार