बर्फबारी, तेज हवाओं और खराब मौसम के बीच SDRF समेत सभी बचाव एजेंसियों ने निभाई अहम भूमिका

उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के दुर्गम एवं अत्यधिक ऊंचाई वाले कालिंदी ट्रैक क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए चलाया गया व्यापक रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। SDRF के नेतृत्व में भारतीय सेना, UCADA, पैरामिलिट्री बल, उत्तराखंड पुलिस, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य बचाव इकाइयों के समन्वित प्रयास से कुल 67 ट्रेकर्स को सकुशल रेस्क्यू किया गया।

SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व एवं सहायक सेनानायक के समन्वय में बचाव दलों ने अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच अभियान को अंजाम दिया। दुर्गम क्षेत्रों में जहां पैदल रेस्क्यू किया गया, वहीं आवश्यकता के अनुसार हेली रेस्क्यू की मदद से भी ट्रेकर्स को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।

रेस्क्यू किए गए 67 ट्रेकर्स में ऑडेन कोल से 29, कालिंदी खाल से 19, माउंट जॉगिंग से 8 और वासुकी ताल से 11 ट्रेकर्स शामिल हैं।

बर्फीली चुनौतियों के बीच बचाव दलों की अग्निपरीक्षा

रेस्क्यू अभियान के दौरान अत्यधिक ऊंचाई, दुर्गम पहाड़ी भू-भाग, तेज हवाओं, प्रतिकूल मौसम, भारी बर्फबारी और कठिन ट्रैकिंग परिस्थितियों ने बचाव दलों की चुनौती बढ़ा दी। हेली रेस्क्यू के दौरान भी तेज हवाओं और मौसम के अनुकूल नहीं होने के कारण उड़ान संचालन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

इन विषम परिस्थितियों के बावजूद SDRF समेत सभी बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और टीमवर्क के चलते अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। सबसे बड़ी राहत यह रही कि सभी 67 ट्रेकर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हर्षिल पहुंचते ही अस्पताल में कराया स्वास्थ्य परीक्षण

रेस्क्यू किए गए सभी ट्रेकर्स को हर्षिल हेलीपैड पहुंचाने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया और जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार