विकसित भारत 2047 विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में रेनबो चिल्ड्रन्स एकेडमी की छात्रा ने विद्यालय का नाम किया रोशन

विकासनगर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में रेनबो चिल्ड्रन्स एकेडमी की कक्षा 12 की छात्रा समृद्धि तोमर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, नानूरखेड़ा, रायपुर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री राम माधव जी तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री धन सिंह रावत जी, विद्यालयी शिक्षा मंत्री उपस्थित रहे।

‘विकसित भारत 2047’ विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए पहले विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों ने ब्लॉक स्तर पर प्रतिभाग किया और ब्लॉक स्तर से चयनित प्रतिभागियों के बीच जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिला स्तर पर समृद्धि तोमर ने अपने प्रभावशाली विचारों एवं ओजपूर्ण अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रथम स्थान प्राप्त किया।

समृद्धि की इस उपलब्धि पर रेनबो चिल्ड्रन्स एकेडमी की प्रधानाचार्या श्रीमती आरती पंवार ने उन्हें तथा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के निदेशक निशांत पंवार ने कहा कि अपने विचारों को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने की क्षमता विद्यार्थी के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि विचारों की स्पष्ट एवं प्रभावी अभिव्यक्ति का कौशल प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

विद्यालय परिवार ने समृद्धि तोमर की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

By Mukesh Juyal

संपादक, आत्ममंथन जन मुद्दों का एक पक्षकार