एशियन गेम्स के कांस्य पदक विजेता बॉक्सर कपिल पोखरिया ने सीएम धामी से की मुलाकात
खटीमा, 5 अक्टूबर। एशियन गेम्स-2026 में पुरुष 90 किग्रा बॉक्सिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर कपिल पोखरिया ने सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से नगला तराई, खटीमा स्थित उनके निजी आवास पर भेंट की।
जापान में आयोजित एशियन गेम्स-2026 में कपिल पोखरिया ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री धामी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कपिल की सफलता ने उत्तराखंड के साथ पूरे देश को गौरवान्वित किया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश के युवाओं की उपलब्धियां नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बन रही हैं। उन्होंने कपिल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी अपनी प्रतिभा और मेहनत से देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करते रहेंगे।
कपिल पोखरिया ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
