मिलर्स को अब 48 घंटे में होगा भुगतान, क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त करने के निर्देश
देहरादून। खरीफ क्रय सत्र 2026-27 में उत्तराखंड सरकार ने सात लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा है। धान और मंडुवा की खरीद एक अक्तूबर से शुरू होकर 31 दिसंबर तक चलेगी। खाद्य मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को विधानसभा स्थित सभागार में विभागीय अधिकारियों और राइस मिलर्स संगठन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर खरीद की तैयारियों की समीक्षा की।
मंत्री ने बताया कि इस वर्ष साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का एमएसपी 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। वहीं मंडुवा (रागी) की खरीद का लक्ष्य 12 हजार मीट्रिक टन रखा गया है। मंडुवा का एमएसपी 5205 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।
बैठक में मिलर्स को भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने बताया कि पहले मिलर्स को 72 घंटे के भीतर भुगतान किया जाता था, जिसे अब घटाकर 48 घंटे किया गया है। भुगतान सीधे मिलर्स के बैंक खातों में किया जाएगा।
रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी क्रय केंद्रों और मंडियों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं खरीद शुरू होने से पहले ही सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की समय से जांच और तैयारी पूरी करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में राइस मिलर्स और अन्य प्रतिनिधियों ने खरीद प्रक्रिया को लेकर विभिन्न सुझाव रखे। मंत्री ने संबंधित सुझावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फेनई, अपर सचिव कृषि आनंद श्रीवास्तव, आरएफसी कुमाऊं सीएस मर्तोलिया, आरएफसी गढ़वाल समेत संबंधित विभागीय अधिकारी और राइस मिलर्स संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
