देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की लुकाछिपी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने शनिवार को प्रदेश के आठ जिलों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
शुक्रवार को राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से तेज धूप खिली रही। बीच-बीच में बादलों की आवाजाही के बावजूद उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश की बौछारें पड़ने से मौसम सुहावना बना रहा।
देहरादून में 36 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।
इन आठ जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की है। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है।
