देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 4,400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा तथा शिक्षा सहायता योजनाओं के लाभार्थियों को एक क्लिक के जरिए धनराशि वितरित की।
मुख्यमंत्री धामी ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिक इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था करने, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाने तथा श्रमिकों के आश्रित बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि केवल पात्र श्रमिकों को ही योजनाओं का लाभ मिले।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 93.06 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की जा चुकी है।
इस अवसर पर कैलाश पंत, गीता रावत, मोहिनी पोखरिया, विनीत कुमार, विपिन कुमार, शैलेश सती, दुर्गा चमोली तथा श्रम आयुक्त प्रकाश चन्द्र दुम्का सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

